देवघर (शहर परिक्रमा)

चोरी और खोए हुए मोबाइल को लेकर देवघर पुलिस की बड़ी उपलब्धि

देवघर जिले में अपराध पर नियंत्रण और जनता को राहत पहुंचाने के मामले में देवघर पुलिस ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। पिछले कुछ महीने के भीतर पुलिस ने चोरी और खोए हुए 165 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिया है। यह आंकड़ा पिछले महीने की तुलना में काफी बेहतर है।

   पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद किए गए इन मोबाइल फोनों में अधिकांश ऐसे थे जो विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं से जुड़े थे। वहीं कुछ मोबाइल ऐसे भी थे जो सार्वजनिक स्थानों पर खो गए थे और पुलिस की सतर्कता से सही मालिकों तक पहुंच गए। सभी थाना प्रभारियों ने मोबाइल बरामदगी के बाद मालिकों की पहचान करने और उन्हें उनका कीमती सामान लौटाने में अहम भूमिका निभाई।
एक सप्ताह में 25 से बढ़कर 35 मोबाइल हुए रिकवर
    पिछले एक सप्ताह की बात करें तो पुलिस ने रफ्तार और तेज कर दी है। महज सात दिनों के अंदर 35 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाए गए हैं। यह पिछले सप्ताह के 25 मोबाइल के आंकड़े से काफी अधिक है।
पुलिस अधीक्षक बोले- अभियान जारी रहेगा
   देवघर जिला पुलिस अधीक्षक सौरभ ने इस बड़ी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चोरी और खोए हुए सामानों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि तकनीकी सहायता और सर्विलांस की मदद से इस अभियान को और धार दी गई है।
    उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि जनता को उनके खोए या चोरी हुए सामान जल्द से जल्द वापस मिलें। एक महीने में 165 मोबाइल की बरामदगी हमारी टीम की मेहनत का नतीजा है। हमने इस सप्ताह 35 मोबाइल रिकवर किए हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी।
    उन्होंने नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही उन लोगों से भी अनुरोध किया है जिनके मोबाइल खो गए हैं या चोरी हो गए हैं, वे नजदीकी थाने में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।