देवघर की कोडिंग इंजीनियर बेटी अब फिल्म निर्देशन में
देवघर: झारखंड की धार्मिक-सांस्कृतिक नगरी देवघर की बेटी रिया झा युवा एंटरप्रेन्यर हैं, जिन्होंने फिल्म व्यवसाय में भी अब कदम रखा है। पहले ये अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट जैसी कई कंपनियों में बतौर सॉफ्टवेयर इंजिनियर काम करती थी। अब ये स्पिल टीवी नामक एक ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म लांच कर रही हैं जिसमें भारत की क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्में भी होंगी। यह प्लेटफ़ॉर्म पूरे तौर पर भारतीय होगा और तकनीकी रूप से इसमें वर्टिकल और हॉरिजेंटल फॉर्मेट में स्क्रॉल की सुविधा होगी। ऐसा ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर पहली बार होगा।

देवघर में जन्मी-पली-पढ़ी युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर रिया झा ने मनोरंजन उद्योग को अब अपना करियर बनाया है। इंजीनियरिंग पेशे में रहकर इन्होंने वैश्विक निगमों में तकनीकी टीमों का नेतृत्व किया। इनकी यह यात्रा महत्वाकांक्षा और कलात्मक साहस को दर्शाती है।
मशीन कोडिंग से लेकर पटकथा संरचना तक, इन्होंने दो ऐसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है, जिन्हें अक्सर एक-दूसरे से असंबंधित माना जाता है। मगर यह जो कर रही हैं वह मिथक के टूटने जैसा है।
रिया ने अपने करियर की शुरुआत संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रौद्योगिकी क्षेत्र से की। माइक्रोसॉफ्ट, ई.वाई. और डेलॉइट जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियों में टेक लीड सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में काम किया। उन उद्योगों में हर दर्जे की व्यावसायिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता के लिए अपने सहकर्मियों के बीच प्रसिद्धि को हासिल की। नित नई चुनौतियों को स्वीकार करते हुए जटिल सॉफ्टवेयर सिस्टम और एंटरप्राइज़-स्तरीय उत्पादों के स्तर को ऊँचाइयाँ दी।
रिया बताती हैं कि प्रौद्योगिकी दिमाग को माध्यम प्रदान करने के साथ-साथ प्रशिक्षित भी करती है और कला वैयक्तिक मन को परिपक्व व व्यक्त करती है। इसका मणिकांचन संयोग विरले ही देखने को मिलता है। वस्तुतः इसी को मूल मन्त्र बनाकर इन्होंने मनोरंजन की दुनिया में पाँव रखा है।
कहानी कहने की प्राचीन कला को विजुअलाइज़ कर दृश्य रूप में सेल्युलाइड पर उतारने का औपचारिक तरीका सीखने के लिए, रिया ने संयुक्त राज्य अमेरिका की विश्व प्रसिद्ध न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी में दाखिला लिया। यहाँ इन्होंने अभिनय और निर्देशन की शिक्षा ली। यह प्रशिक्षण जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ, जिसके तुरंत बाद इन्होंने दो अंग्रेजी लघु फिल्मों का लेखन, निर्देशन और अभिनय किया। ये दोनों प्रोजेक्ट अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हुए, जिससे इन्हें वैश्विक पहचान मिली।
एक आम मान्यता है कि फिल्म उद्योग जगत के पुराने और पेशेवर लोगों से इतर लोगों के साथ यह इंडस्ट्री न्याय नहीं करती है लेकिन सच इससे परे है, जिसे हालिया कुछ वर्षों ने साबित किया है। रिया का मानना है कि नई पीढ़ी का स्वाद इस मामले में अलग होने के कारण यह मिथक टूटा है।
इन्होंने मनोरंजन उद्योग के इस काम में व्यक्तिगत पहचान, प्रवासन और भावनात्मक लचीलेपन जैसे विषयों को शामिल किया है। मानवीय प्रतिपक्ष और माटी की खुशबू इनकी रचनाओं के केन्द्रित विषय हैं। यही तत्व अब इन्हें मनोरंजन इंडस्ट्री में सतत स्पेस प्रदान कर रहे हैं। अपनी रचनात्मक प्रतिभा का विस्तार करते हुए, रिया ने बाद में रिलायंस एंटरटेनमेंट द्वारा वितरित एक संगीत वीडियो का निर्देशन और उसमें अभिनय किया। विदित हो कि रिलायंस एंटरटेनमेंट भारत के प्रमुख मनोरंजन प्लेटफार्मों में से एक है। सच्चा प्यार नामक वीडियो के रिलीज़ होने के बाद भारतीय मीडिया जगत में इनकी औपचारिक एंट्री हुई है।
इनके गृहनगर देवघर के लिए इस उपलब्धि का प्रतीकात्मक महत्व है, जिसे उजागर किया जाना युक्तिसंगत प्रतीत होता है। पहले से स्थानीय लोग इन्हें अपने काम के लिए जानने लगे हैं और उन्हें अपनी बेटी के लिए गर्व है। नारी सशक्तिकरण के इस दौर में यह शुभ संकेत है कि एक ख्यात सांस्कृतिक-आध्यात्मिक नगर देवघर के तीर्थ पुरोहित परिवार में पली-बढ़ी लड़की अब झारखंड से अपने जुड़ाव को बनाए रखते हुए; वैश्विक स्क्रीन पर दिखाई दे रही है। इनके द्वारा इस विधा को अपनाने और इसमें सफलता पाने से, नई पीढ़ी प्रेरित होगी। यहां के छात्र और युवा रचनाकार इनकी इस यात्रा को मील का पत्थर मानकर आगे बढ़ेंगे।
रिया झा की कहानी एक व्यापक बदलाव को दर्शाती है, जिसके तहत आज पेशेवर लोग सफलता को नए सिरे से परिभाषित कर सकते हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो यह तकनीकी विशेषज्ञता को विस्तार देती है।
इस सत्य से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता है कि डिजिटल प्लेटफॉर्मों के माध्यम से भौगोलिक बाधाएं दूर होने के कारण छोटे शहरों की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय अप्रोच में हैं। रिया झा की कहानी इस बात का प्रमाण है कि अप्रत्याशित स्थानों से भी वैश्विक प्रभाव पैदा की जा सकती है। अतएव कह सकते हैं कि देवघर की गलियों से लेकर दुनिया भर के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म तक, इनका करियर एक बदलाव से कहीं अधिक तर्क और कल्पना का सामंजस्यपूर्ण मेल है।
स्पिल टीवी ओटीटी प्लेटफॉर्म
रिया अब स्पिल टीवी डॉट कॉम नाम से स्वयं का ओटीटी प्लेटफॉर्म लॉन्च कर रही हैं। यह भारत का अपना स्वदेशी ओटीटी प्लेटफॉर्म होगा। रिया स्वयं इसकी चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर यानी सीईओ हैं। इस प्लेटफ़ॉर्म की कुछ खासियतों में यह भी है कि यह पूरे तौर पर भारतीय होगा और तकनीकी रूप से इसमें वर्टिकल और हॉरिजेंटल फॉर्मेट में स्क्रॉल की सुविधा होगी। ऐसा ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर पहली बार होगा।

