15वीं राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर के 3 खिलाड़ी रवाना
देवघर: दिनांक 22 फ़रवरी 2026 को 15वीं राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 2026 में भाग लेने हेतु राज्यस्तरीय प्रतियोगिता, जो रांची में आयोजित हुई थी, उसमें चयनित देवघर जिले के 3 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देवघर कुश्ती के संरक्षक आदर्श लक्ष्य द्वारा प्रोत्साहित करते हुए तमिलनाडु के सेलम जिले में आयोजित होने वाली 15वीं राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए रवाना किया गया। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 28 फ़रवरी से 2 मार्च 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें देशभर के श्रेष्ठ खिलाड़ी भाग लेंगे।

ज्ञात हो कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए देवघर जिले से चयनित खिलाड़ियों में रिमझिम कुमारी (33 Kg) बालिका फ्री स्टाइल, विक्की कुमार (52 Kg) फ्री स्टाइल एवं अनमोल कुमार झा (68 Kg) ग्रीको रोमन शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह सुनिश्चित की है।
इस अवसर पर कोच दशरथ महथा उपस्थित रहे और उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण एवं आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर देवघर एवं झारखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर महासचिव संजीव कुमार झा ने कहा कि देवघर जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी हमारे खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाएंगे।
वहीं संरक्षक आदर्श लक्ष्य ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवघर की धरती प्रतिभाओं से परिपूर्ण है और यहां के खिलाड़ी अपनी मेहनत एवं लगन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

