भाविप के नारी वंदन समारोह में छह महिलाओं को “नारी वंदन- सशक्त महिला सम्मान 2026”
देवघर: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, देवघर शाखा द्वारा करिश्मा उत्सव पैलेस, हर्दला कुंड, देवघर में “नारी वंदन समारोह – सशक्त महिला सम्मान 2026” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में शाखा अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, करुणा और संस्कार की प्रतीक माना गया है। समाज के निर्माण और प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद का उद्देश्य समाज में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करना है तथा नारी शक्ति का सम्मान इसी भावना का प्रतीक है।
इस अवसर पर देवघर जिले की छह विशिष्ट महिलाओं को उनके-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “नारी वंदन – सशक्त महिला सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में शैलजा देवी (वार्ड पार्षद), डॉ. शिवांगी (न्यूरोलॉजिस्ट), रूबी नाज़ (सामाजिक कार्यकर्ता), शिवांगी शर्मा (कथक नृत्यांगना, कोरियोग्राफर एवं नृत्य प्रशिक्षक) तथा सोनाली दुबे (राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी) तथा खुशबू सिंह (क्राफ्ट एंड पेंटिंग आर्टिस्ट) शामिल रहीं।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ. सुषमा वर्मा, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, देवघर तथा डॉ. पुष्पलता, प्राध्यापक (मनोविज्ञान), ए.एस. कॉलेज, देवघर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में नारी शक्ति के महत्व और समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. इति कुमारी, सोनम झा एवं रचना झा ने अपनी भावपूर्ण कविताओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण एवं नारी वंदन की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर कार्यक्रम में आमंत्रित सभी महिलाओं को परिषद के पुरुष सदस्यों द्वारा नारी वंदन स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके सशक्त योगदान और सशक्तिकरण को सम्मानपूर्वक सराहा गया।
कार्यक्रम का संचालन महिला सहभागिता संयोजक कंचन मूर्ति साह ने अत्यंत आकर्षक एवं सुंदर शब्द चयन के साथ किया।
आयोजन की सफलता में परिषद के कोषाध्यक्ष एस. पी. भुईयां बिलास सहित रंजीत बरनवाल, डॉ. ऊषा सिंह, आशा कुमारी प्रसाद, किरण बरनवाल, मौसमी भुईयां, ब्यूटी कुमारी, पुष्पांजलि, डॉ. राजेश राज, प्रशांत कुमार सिन्हा, राम किशोर सिंह, रामसेवक सिंह ‘गुंजन’, ममता सिंह, पूनम सिंहका महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
अंत में परिषद के सचिव कंचन शेखर सिंह ने सभी अतिथियों, सम्मानित महिलाओं तथा उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

