देवघर (शहर परिक्रमा)

देवघर में राज्य स्तरीय खादी प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, स्वदेशी उत्पादों की बढ़ी मांग

देवघर: खादी और ग्रामोद्योग आयोग (KVIC), सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के राज्य कार्यालय रांची द्वारा देवघर में आयोजित राज्य स्तरीय खादी प्रदर्शनी (विपणन) 2025-26 के पांचवें दिन भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रदर्शनी का उद्देश्य युवाओं को खादी से जोड़ना तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है।

   आयोजकों के अनुसार आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत किया जा सके। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भी लगातार खादी अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करने की अपील की जाती रही है।

    प्रदर्शनी में सूती, रेशमी, ऊनी और पोलीवस्त्र खादी के साथ झारखंड का प्रसिद्ध तसर सिल्क, तसर साड़ी, सिल्क मटका, रेशमी कुर्ता-कुर्ती, सूती धोती, गमछा, चादर तथा रेडीमेड खादी परिधान उपलब्ध हैं। इसके अलावा बिहार की मधुबनी प्रिंट साड़ियाँ, झारखंड का सोहराई प्रिंट, असम की वाटिका प्रिंट साड़ियों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

     शहद, अगरबत्ती, हर्बल उत्पाद, हस्तशिल्प और खाद्य उत्पादों की भी बिक्री हो रही है। प्रदर्शनी में कारीगरों द्वारा उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। प्रतिदिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण उत्सवमय बना हुआ है। आयोजकों ने आम जनता से प्रदर्शनी में आकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की है।