देवघर (शहर परिक्रमा)

खादी प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब, छठे दिन लोगों ने की जमकर खरीदारी

देवघर: झरना चौक, पुराना प्राइवेट बस स्टैंड में आयोजित राज्य स्तरीय खादी प्रदर्शनी सह बिक्री कार्यक्रम के छठे दिन आज रविवार को भारी भीड़ देखने को मिली। खादी और ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी में शहरवासियों का उत्साह साफ नजर आया। प्रदर्शनी का उद्देश्य ग्रामीण कारीगरों द्वारा निर्मित स्वदेशी खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को लोगों तक पहुंचाना और प्रधानमंत्री के “वोकल फॉर लोकल” तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है।

मेले में विभिन्न राज्यों के खादी संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। झारखंड की खादी स्टॉलों पर सिल्क खादी, सूती खादी, मसलीन खादी, पारंपरिक खादी वस्त्र, रेडीमेड कुर्ता-पाजामा, खादी बंडी तथा रेशमी खादी के शर्ट-पैंट युवाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। तसर-कटिया से बने कुर्ते, बंडी, शर्ट और तसर साड़ियां भी खरीदारों को आकर्षित कर रही हैं।

     वहीं पश्चिम बंगाल की स्टॉलों पर बारीक मलमल (मसलीन), बालूचरी और कांथा साड़ियां खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। ग्रामोद्योग उत्पादों में आंवला मुरब्बा, कैंडी, अचार और चटनियों की भी खूब बिक्री हो रही है।
     प्रदर्शनी स्थल पर खादी बुनाई का लाइव प्रदर्शन बच्चों और युवाओं के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले में आए लोगों को स्वस्थ मनोरंजन का अवसर दे रहे हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से मेले में आकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की है।