डीएवी पब्लिक स्कूल गुमो सतपुलिया का भव्य शुभारंभ
कोडरमा: शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली संस्था डीएवी का विस्तार अब शहर के मुख्य केंद्र तक हो गया है। झुमरी तिलैया शहर के बीचों-बीच स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, गुमो सतपुलिया के नए परिसर में शिक्षण कार्य का शुभारंभ आज पूर्णतः वैदिक परंपरा और हर्षोल्लास के साथ किया गया। डीएवी इंस्टिट्यूशन झारखण्ड जोन एच के क्षेत्रिय निदेशक डॉ. प्रवीर हाजरा ने विद्यालय पहुँचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। टीचर इंचार्ज श्वेता सिंह ने डॉ प्रवीर हाजरा एवं कृष्ण कुमार सिंह को पुष्प गुच्छ प्रदान कर स्वागत किया ।

सत्र के पहले दिन विद्यालय परिसर मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर आयोजित विशेष आशीर्वचन समारोह हवन में क्षेत्रिय निदेशक डॉ. प्रवीर हाजरा, मैनेजर कम पी.वी.एस.एस. डीएवी के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह , मुख्य अतिथि काकू पांडे तथा प्रदीप कुमार सिंह गुमो के सुप्रसिद्ध समाजसेवी मुख्य रूप से उपस्थित थे। उनके साथ विद्यालय की शिक्षक इंचार्ज श्वेता सिंह, शिक्षक गण और सभी नव-नामांकित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावक ने हवन कुंड में आहुति देकर शैक्षणिक सत्र की मंगलमय शुरुआत की। इस पावन बेला पर डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमिटी न्यू दिल्ली के शीर्ष ऑफिस होल्डर्स माननीय प्रेसिडेंट, सीक्रेट्री, डायरेक्टर, इस विद्यालय के चेयरमैन ने शुभकामना संदेश विद्यालय तथा शहरवासियों को भेजा है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उच्च नैतिक वैल्यू जो उत्कृष्ट करैक्टर गढ़ने वाला हो ऐसा शिक्षा देने कि प्रतिबद्धता जाहिर किया है।
शहर के मध्य स्थित होने के कारण यह विद्यालय स्थानीय अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए सुगमता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया केंद्र बनेगा। हवन के उपरांत सभी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विशिष्ट अतिथि ने कहा कि एक नए विद्यालय की स्थापना केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि एक भविष्य की नींव है। शहर के बीचों-बीच इस संस्थान का खुलना विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा। मेरी शुभकामना है कि यहाँ से निकलने वाला हर बच्चा समाज का प्रकाश बने।
मौके पर मैनेजर कम प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि वैदिक परंपरा हमें अनुशासन और शुचिता सिखाती है। आज इस पावन हवन के साथ हमने संकल्प लिया है कि हम अपने विद्यार्थियों को न केवल उच्च शिक्षा देंगे, बल्कि उन्हें मानवीय मूल्यों और संस्कारों से भी ओत-प्रोत करेंगे। ज्ञान की यह ज्योति अब शहर के मुख्य केंद्र से पूरे क्षेत्र को आलोकित करेगी। बच्चों का पहला दिन उनके जीवन की नई उड़ान का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि हम एक ऐसा वातावरण तैयार करें जहाँ शिक्षा बोझ न लगे, बल्कि एक आनंदमय अनुभव बने।अंत में प्राचार्य ने कहा कि यह विद्यालय भविष्य में अपने विकास के पथ पर अग्रसर रहेगा ।
डीएवी इंस्टिट्यूशन झारखण्ड जोन एच के क्षेत्रिय निदेशक डॉ. प्रवीर हाजरा और पी.वी.एस.एस. डीएवी पब्लिक स्कूल के मैनेजर एम के सिन्हा ने नए विद्यालय, बच्चों, अभिभावकों और इसके शिक्षक इंचार्ज श्वेता सिंह को नए सत्र की सफल शुरुआत के लिए अनंत शुभकामनायें और बधाई दी और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। क्षेत्रिय निदेशक डॉ. प्रवीर हाजरा ने टीचर इंचार्ज की कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए अपने प्रेरणादायक आशीर्वचनों से शिक्षा के महत्त्व और अनुशासन के प्रति जागरूक भी किया। उनके शब्दों ने बच्चों के मन में एक नई ऊर्जा का संचार किया।

