मनोज मद्धेशिया अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य सभा के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित
देवघर: अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य सभा का दो दिवसीय 46वां राष्ट्रीय अधिवेशन शनिवार को बाबा नगरी देवघर में हर्षोल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। राष्ट्रीय युवा प्रवक्ता राजेश कुमार साह ने बताया कि इस अवसर पर देश भर से आए हजारों समाज बंधुओं की उपस्थिति में संगठन की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें मनोज मद्धेशिया को एक बार फिर सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। तत्पश्चात, उन्होंने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से अधिवेशन का उद्घाटन किया। मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री बसंत गुप्ता, नरेंद्र प्रसाद गुप्ता, ऋषि प्रसाद गुप्ता, कुंदन कुमार गुप्ता, राजेश कुमार साह, कृष्ण कुमार गुप्ता, प्रेम कुमार, अजीत शाह, विक्रम कुमार गुप्ता और महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रीति गुप्ता सहित कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

अतिथियों का सम्मान
देवघर जिला कमेटी द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष को बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग का मोमेंटो भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में जिला अध्यक्ष प्रेम कुमार, महामंत्री अजीत शाह और कोषाध्यक्ष गणेश साह मुख्य रूप से शामिल थे। इसके साथ ही नगर कमेटी के अध्यक्ष विक्रम गुप्ता एवं उनकी टीम ने भी पदाधिकारियों को सम्मानित किया। मंच संचालन और अतिथियों का स्वागत महिला कोषाध्यक्ष रितु गुप्ता एवं कुंदन कुमार गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

चुनावी प्रक्रिया और नई कार्यकारिणी
अधिवेशन के दौरान पुरानी कमेटी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष चुनाव समिति और पर्यवेक्षकों की देखरेख में मतदान हुआ।
चुनाव अधिकारी: हरे राम कृष्ण साह (ओडिशा), विनोद कुमार साह (दिल्ली) एवं बंशीधर प्रसाद (पटना)।
चुनाव पर्यवेक्षक: पूर्व जनपद न्यायाधीश वाई.सी. गुप्ता (उज्जैन) एवं पूर्व जनपद न्यायाधीश रमेश कुमार कौशल (महाराष्ट्र)।
निर्विरोध चयन
निर्वाचन अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर सर्वसम्मति से निम्नलिखित पदाधिकारियों की घोषणा की गई:-
राष्ट्रीय अध्यक्ष: मनोज मद्धेशिया (पुनः निर्वाचित)
राष्ट्रीय महामंत्री: नरेंद्र प्रसाद गुप्ता
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष: कुंदन कुमार गुप्ता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया ने समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे मद्धेशिया वैश्य समाज की एकता और उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। अधिवेशन में विभिन्न राज्यों से आए महामंत्रियों ने अपनी प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में समाज को संगठित करने और कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लिया गया।

