डीएवी भंडारकोला के जिला टॉपर सह राज्य के टॉप 5 में स्थान बनाने वाले एवं 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
देवघर: गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीबीएसई की 10 वीं बोर्ड के जिला टॉपर सह झारखंड के टॉप 5 में स्थान बनाने वाले स्वस्तिक राज के साथ 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय में टॉपर्स और उनके अभिभावकों का एनसीसी के कैडेट्स द्वारा अनुरक्षण किया गया । इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में कुल 48 विद्यार्थियों ने 90 % से ज़्यादा अंक हासिल किया। टॉपर्स और उनके अभिभावकों का सम्मान मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार और प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने माला पहनाकर और अंगवस्त्र प्रदान करके किया ।

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि डीएवी भारतवर्ष की ऐसी संस्था है जो कि विद्यार्थियों के नैतिक उत्थान के साथ शिक्षा देती है। बच्चों की यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के कारण संभव हुई है।
विद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर प्रयास, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टॉपर्स के माता पिता की ओर से जो विद्यालय के प्रति फीडबैक आया है उससे मैं अभिभूत हूँ । उन्होंने डीएवी भंडारकोला में एडमिशन के लिए स्पेशल ऑफर की घोषणा भी की। उन्होंने बच्चों को नॉन स्कूलिंग के दुष्प्रभाव को बताया और ये भी कहा कि सीबीएसई के अनुसार यह गैर कानूनी भी है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। पूरे समारोह में उत्साह एवं गौरव का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य महोदय ने किया। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।

