देवघर (शहर परिक्रमा)

रेलवे क्वार्टर में चोरी के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

मधुपुर(देवघर): मधुपुर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के क्वार्टर संख्या-64 जे में चोरी के प्रयास मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह घटना 11 मई 2026 की रात की बताई जा रही है, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने सबल से क्वार्टर की दीवार तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया था।

    मामले को लेकर रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी निवासी भूपण उर्फ राजेश्वर उपाध्याय (30 वर्ष), निवासी कालिपुर टाउन, थाना मधुपुर, जिला देवघर द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर मधुपुर थाना कांड संख्या-97/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी की पहचान कोलेहा यादव के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर डांगालपाड़ा, थाना मधुपुर निवासी 52 वर्षीय कोलेहा यादव को गिरफ्तार कर लिया।
    पुलिस के अनुसार आरोपी के निशानदेही पर घटना के दिन पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी, संपत्ति संबंधी अपराध तथा आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर वर्ष 2003 से 2023 तक मधुपुर थाना में चोरी, लूट एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा देवघर जिले के अन्य थानों में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले लंबित बताए गए हैं।
    इस कार्रवाई में मधुपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार, मकबूल अंसारी एवं थाना सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *