देवघर (शहर परिक्रमा)

स्वर्ण जयंती वर्ष में मारवाड़ी युवा मंच का अनूठा अभियान, प्रत्येक रक्तदाताओं को मिलेगा निःशुल्क हेलमेट

देवघर: समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा ने अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर एक विशेष जनसेवा अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत अब वर्षभर प्रत्येक रविवार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक शिवाय ब्लड सेंटर, शिवाय हॉस्पिटल, टावर चौक, देवघर में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।

   अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना, युवाओं में नियमित रक्तदान की भावना विकसित करना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अभियान की खास बात यह है कि प्रत्येक रक्तदाता को सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ निःशुल्क हेलमेट भी प्रदान किया जाएगा। मंच का संदेश है— “आपका रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है और आपका हेलमेट आपकी जिंदगी की रक्षा कर सकता है।”

    मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा के अध्यक्ष साकेत छावछारिया ने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने का संकल्प है। उन्होंने देवघर एवं आसपास के सभी स्वस्थ नागरिकों, विशेषकर युवाओं से इस जनहितकारी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नियमित रक्तदान को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन से चार जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का स्वैच्छिक रक्तदान किसी परिवार के लिए नई उम्मीद बन सकता है।
     मंच के पदाधिकारियों एवं रक्तदान प्रकोष्ठ के सदस्यों ने बताया कि यह अभियान वर्षभर प्रत्येक रविवार आयोजित किया जाएगा, ताकि रक्त की आवश्यकता होने पर किसी भी मरीज या उसके परिजनों को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। साथ ही, हेलमेट वितरण के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
       मंच के मीडिया प्रभारी प्रिंस सिंघल ने बताया कि स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों एवं आम नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनकर मानवता की सेवा में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा ने सभी स्वस्थ नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक रविवार इस अभियान से जुड़ें, नियमित रक्तदान करें तथा अपने एक छोटे से प्रयास से किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *