बैद्यनाथपुर चौक पर व्यवसायी भयमुक्त होकर करें व्यवसाय, सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी: डॉ. सुनील खवाड़े
देवघर: शहर के बैद्यनाथपुर चौक पर आयोजित एक समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सुनील खवाड़े ने व्यवसायियों और दुकानदारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय के अपना व्यवसाय करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की रंगदारी या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैद्यनाथपुर चौक स्थित एक टाइल्स हट के उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. खवाड़े ने कहा कि बैद्यनाथपुर चौक से लेकर महेशमारा और मलहारा तक के व्यवसायियों, दुकानदारों एवं आमजनों के हर सुख-दुःख में वे हमेशा साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यवसायी को कोई असामाजिक तत्व परेशान करता है तो वे सीधे उन्हें सूचना दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र के दुकानदारों और व्यवसायियों को प्रताड़ित किया गया तो दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।

डॉ. खवाड़े ने कहा कि क्षेत्र के व्यवसायियों की सुरक्षा और उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना उनके परिवार की पुरानी परंपरा रही है। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय बर्धन खवाड़े को याद करते हुए कहा कि वे भी इस इलाके के छोटे-बड़े सभी व्यवसायियों का हमेशा ख्याल रखते थे। पिता के बाद जब से उन्होंने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की है, तब से इस क्षेत्र के व्यवसायियों को किसी भी तरह की प्रताड़ना नहीं होने दी है और भविष्य में भी वे उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इससे पूर्व डॉ. सुनील खवाड़े ने फीता काटकर प्रतिष्ठान का विधिवत उद्घाटन किया तथा बाबा बैद्यनाथ से प्रतिष्ठान की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर प्रतिष्ठान के संचालक रंजीत बरनवाल ने अंगवस्त्र एवं बुके भेंटकर डॉ. खवाड़े का सम्मान किया।
कार्यक्रम में देवघर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रवि केसरी, प्रेम मंदिर ठाढ़ीदुलमपुर के अध्यक्ष महेश राय, खेल संघ से जुड़े डॉ. वीरेंद्र कुमार राय, नवीन शर्मा, प्रसिद्ध उद्घोषक राकेश राय, बादल सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सुशील माहथा, मनोज पांडेय, दीपक दुबे, रोहित कुमार, आशुतोष कुमार जिम्मी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

