देवघर (शहर परिक्रमा)

एम्स, देवघर में प्रथम दीक्षांत समारोह कल, मुख्य अतिथि होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

एम्स, देवघर में दिनांक 31 जुलाई, 2025 को अपराह्न 3:00 बजे से 4:00 बजे तक प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होगी वहीं अध्यक्षता एम्स देवघर के अध्यक्ष प्रो.(डॉ.) एन.के. अरोड़ा करेंगे।अन्य गणमान्य विशिष्ट अतिथिगण में झारखण्ड के राज्यपाल श्री संतोष गंगवार, स्वास्थ्य मंत्री, झारखण्ड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी व एम्स देवघर संस्थान निकाय सदस्यगण पायल बंसल, राजू सिंह, के.पी. सिन्हा, शिवकांत मिश्रा के साथ-साथ देवघर विधायक  सुरेश पासवान, भूतपूर्व विधायक नारायण दास के अलावा भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय व पेट्रोकेमिकल के सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा, एम्स रायपुर के निदेशक ले. जनरल अशोक जिंदल सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
इस समारोह में स्वागत भाषण एम्स देवघर संस्थान निकाय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एन. के. अरोड़ा करेंगे एवं सस्थान के कार्यकारी निदेशक सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी डॉ सौरभ वार्ष्णेय संस्थान के क्रमिक प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
    एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी डॉ (प्रो)सौरभ वार्ष्णेय ने बताया कि एम्स देवघर संस्थान से वर्ष 2019 बैच के एम.बी.बी.एस. पाठ्‌यक्रम उतीर्ण तीन उत्कृष्ट छात्रों को क्रमश: स्वर्ण, रजत एवं कास्य पदक व एक छात्र को उत्कृष्ट उपस्थिति हेतु पदक के अलावा सभी 48 छात्र/छात्राओं को एम.बी.बी.एस. डिग्री की उपाधि प्रदान की जाएगी।
   जानकारी हो कि वर्त्तमान में एम्स देवघर में 2020 बैच में 62 छात्र/छात्राएँ एम.बी.बी.एस. उतीर्ण कर इंटर्नशिप कर रहे हैं जबकि 2021 बैच में 100 छात्र/छात्राएँ, 2022 में 125 छात्र/छात्राएँ, 2023 में 124 छात्र/छात्राएँ एवं 2024 में 125 छात्र/छात्राएँ एमबीबीएस पाठ्‌यक्रम कर रहे हैं। वहीं बी.एस.सी नर्सिंग पाठ्‌यक्रम के 2021 बैच में 59 छात्र/छात्राएँ, 2022 में 36 छात्र/छात्राएँ, 2023 को 57 छात्र/छात्राएँ, 2024 को 58 छात्र/छात्राएँ बी.एस.सी नर्सिंग प्रतिष्ठा की पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा इस संस्थान में एमडी/ एमएस/ एमसीएच/ डीएम पाठ्‌यक्रम में 51 छात्र/छात्राएँ और एमएससी नर्सिंग  में 11 छात्र/छात्राएँ तथा पारामेडिकल में 6 छात्र/छात्राएँ अध्ययनरत हैं।
    पूरे भारतवर्ष में एम्स देवघर पहला संस्थान है जो पब्लिक हेल्थ में स्नातक एवं परास्नातक दो नए पाठ्‌यक्रम की शुरूआत अगस्त, 2025 से करने जा रही है जिसमें कुल 10  सीटें उपलब्ध होंगी।
    बताया गया कि कल के दीक्षांत समारोह में उपरोक्त के अलावा अन्य सम्मानित अतिथियों में पीठाधीश्वर स्वामी सत्यसंगानंद, स्वामी सूर्य प्रकाश, स्वामी शंकरानांद सभी रिखिया आश्राम देवघर से, स्वामी आचार्यदेव जी, सत्संग, देवघर, पियूष जायसवाल,  डॉ. एम.के. सिंह, सहायक परीक्षा नियंत्रक, एम्स दिल्ली, डॉ. सुचित्रा संसमाल, वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक, आरओएचएफ, भुवनेश्वर, अंजु बाला पुरुषोत्तम, एमडी एवं सीओई, एलआईसी पेंशन फंड लि., स्वामी दिव्यांशुधानंद, प्राचार्य, आरके मिशन, देवघर उपस्थित रहेंगे।