देवघर (शहर परिक्रमा)

आजसू पार्टी ने किया कम्बल वितरण

देवघर: कड़ाके की ठंड और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए आजसू पार्टी के देवघर जिला अध्यक्ष सह आदर्श लक्ष्य के नेतृत्व में आज देवघर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर व्यापक स्तर पर कम्बल वितरण अभियान चलाया गया। इस मानवीय पहल के तहत टावर चौक, पुराना बस स्टैंड के समीप, सत्संग चौक, बैद्यनाथधाम स्टेशन तथा सदर अस्पताल परिसर में गरीब, असहाय, वृद्ध, दिव्यांग एवं बेसहारा लोगों के बीच सैकड़ों की संख्या में गर्म कम्बलों का वितरण किया गया।

इस सेवा कार्य के दौरान आजसू पार्टी के युवा कार्यकर्ता सुबह से ही अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जरूरतमंदों की पहचान करते हुए उन्हें कम्बल प्रदान करते नजर आए। कम्बल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर जो संतोष और मुस्कान देखने को मिली, वह इस पूरे कार्यक्रम की सार्थकता को दर्शा रही थी। कई बुजुर्गों और मरीजों के परिजनों ने इस सहयोग के लिए आजसू पार्टी एवं आदर्श लक्ष्य को दुआएं दीं।
      मौके पर आदर्श लक्ष्य ने कहा कि “ठंड के इस प्रचंड मौसम में सड़कों, स्टेशनों और अस्पतालों के आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए एक कम्बल भी बहुत बड़ी राहत होता है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना ही हमारे जीवन का उद्देश्य है। आजसू पार्टी केवल राजनीति ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी हमेशा आगे रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में भी देवघर जिला अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर इस तरह के जनसेवा कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण परेशान न हो।
    कार्यक्रम में आजसू पार्टी, युवा आजसू एवं छात्र आजसू के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ वितरण कार्य को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने भविष्य में भी एकजुट होकर समाजसेवा के कार्यों को और तेज करने का संकल्प लिया।