डीएवी कोडरमा में लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उनकी सादगी व राष्ट्रभक्ति को नमन
डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया (कोडरमा) में देश के द्वितीय प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न से अलंकृत लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्राचार्य एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शास्त्री जी को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर सभी ने शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदार नेतृत्व व उनके अमर राष्ट्रवादी नारे ‘जय जवान, जय किसान’ को याद किया।
ऑनलाइन आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्ण सहभागिता दर्ज की। हिंदी में कुमारी अनन्या गुप्ता तथा अंग्रेजी में समृद्धि ने प्रभावशाली व ओजस्वी भाषण प्रस्तुत करते हुए शास्त्री जी के नेतृत्व कौशल एवं राष्ट्रहित में लिए गए साहसिक निर्णयों का उल्लेख किया। हिंदी में श्रेष्ठा मेहता व अनुष्का गुप्ता तथा अंग्रेजी में शम्भवी सिंह ने काव्य-पाठ के माध्यम से उनके चरित्र, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की महिमा का सराहनीय चित्रण किया। वहीं आकांक्षा शर्मा ने ताशकंद समझौते सहित उनके जीवन के महत्वपूर्ण तथ्यों एवं कम ज्ञात पहलुओं को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन हमें कठिनाइयों में भी अडिग रहने, सादगी अपनाने और ईमानदारी को अपना स्वधर्म बनाने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने आगे कहा कि “शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम के जीवंत प्रतीक थे। ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर उन्होंने देश को आत्मनिर्भरता व साहस का संदेश दिया। उनका जीवन सिद्ध करता है कि सादा जीवन और उच्च विचार के साथ भी नैतिक नेतृत्व संभव है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए।”
इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना व महापुरुषों के प्रति सम्मान को और प्रगाढ़ किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक श्री सुजीत कुमार राणा, शिक्षिका मुकेश कुमारी, लक्ष्मी गुप्ता तथा ज्योति का सराहनीय योगदान रहा।

