73वीं नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन जनवरी 2027 में
देवघर: झारखंड वॉलीबॉल संघ के महासचिव उत्तम राज के देवघर आगमन पर देवघर जिला वॉलीबॉल संघ की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर देवघर जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष ध्रुव सिंह, ओलंपिक संघ की प्लानिंग कमिटी के अध्यक्ष आशीष झा एवं संघ के सचिव नवीन शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस दौरान यह जानकारी दी गई कि जनवरी 2027 में रांची में 73वीं नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। यह झारखंड के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा क्योंकि पहली बार राज्य में नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप आयोजित होने जा रही है।
बैठक में आगामी गतिविधियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार मई माह में समर कैंप आयोजित किया जाएगा,जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक द्वारा चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, वहीं नवंबर में सीनियर स्टेट वॉलीबॉल चैंपियनशिप होने के भी प्रबल आसार हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी इशिका चौहान, दिव्या कुमारी, कृति सिंह, आयुष नेवर एवं नितेश पंडित ने भी महासचिव उत्तम राज को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
बैठक में यह महत्वपूर्ण सुझाव सामने आया कि नेशनल चैंपियनशिप से पूर्व बाबा बैद्यनाथ धाम के आशीर्वाद स्वरूप देवघर में ही सीनियर स्टेट चैंपियनशिप एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाए, ताकि यहीं से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर सकें। इस प्रस्ताव पर झारखंड वॉलीबॉल संघ के महासचिव उत्तम राज ने सहमति जताई, जिससे खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
झारखंड में नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के आयोजन से राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा और वॉलीबॉल खेल को नई पहचान प्राप्त होगी।

