देवघर (शहर परिक्रमा)

देवघर एयरपोर्ट पर ‘यात्री सुविधा दिवस 2026’ का आयोजन, यात्रियों के लिए कई विशेष कार्यक्रम

देवघर: भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा 15 जून 2026 को देशभर के सभी हवाई अड्डों एवं प्रतिष्ठानों में ‘यात्री सुविधा दिवस 2026’ मनाया गया। इसी क्रम में देवघर एयरपोर्ट पर भी विभिन्न यात्री-केंद्रित, सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

    AAI के अनुसार, देश में संचालित हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 165 हो चुकी है। इसके साथ ही हवाई संपर्क, यात्री सुविधाओं, विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना तथा सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इन्हीं उपलब्धियों को रेखांकित करने और यात्री-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए यह विशेष दिवस मनाया गया।
     आज देवघर एयरपोर्ट पर यात्रियों के स्वागत के लिए पारंपरिक तरीके से आरती-तिलक एवं आतिथ्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा एयरपोर्ट कर्मचारियों द्वारा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए।
     इस दौरान बच्चों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ‘विमानन क्षेत्र में करियर के अवसर’ विषय पर क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को विशेष पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।

     इसके साथ ही सामुदायिक सहभागिता के तहत एयरपोर्ट परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें 10 पौधे लगाए गए। स्वास्थ्य एवं कल्याण गतिविधियों के अंतर्गत सदर अस्पताल, देवघर तथा रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान 11 यूनिट रक्तदान हुआ तथा 26 यात्रियों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच सुविधा का लाभ उठाया।
इसके अतिरिक्त, AIIMS देवघर के सहयोग से आयोजित नेत्र जांच शिविर में 55 यात्रियों एवं टैक्सी चालकों की आंखों की जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान AAI, इंडिगो, झारखंड पुलिस तथा देवघर एयरपोर्ट कार्यालय की महिला कर्मचारियों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। हाउसकीपिंग कर्मियों को भी यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका के लिए विशेष सम्मान दिया गया।
शैक्षणिक सहभागिता कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण कराया गया तथा विमानन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन कर्मचारियों एवं हितधारक संस्थाओं द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ।
     देवघर एयरपोर्ट के निदेशक एवं सीईओ जय बनर्जी ने कहा कि यात्री सुविधा दिवस यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि के प्रति एयरपोर्ट की प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम एयरपोर्ट और स्थानीय समुदाय के बीच संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *