देवघर (शहर परिक्रमा)

मंत्री हफीजूल हसन ने आंची देवी गर्ल्स मिडिल स्कूल में बांटी 700 से अधिक साइकिलें

देवघर(मधुपुर): छात्राओं की शिक्षा को सुगम बनाने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज मधुपुर स्थित आंची देवी गर्ल्स मिडिल स्कूल में एक भव्य साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन विभाग, झारखण्ड सरकार हफीजूल हसन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत विद्यालय की 700 से अधिक छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया।

इसके अलावा इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने कहा, “हमारी सरकार बेटियों की शिक्षा और उनके आत्मनिर्भर भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुदूर क्षेत्रों से स्कूल आने-जाने में छात्राओं को होने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए साइकिल वितरण योजना चलाई जा रही है। साइकिल मिलने से न सिर्फ छात्राओं का समय बचेगा, बल्कि उनकी पढ़ाई बीच में छूटने (ड्रॉपआउट) की दर पर भी रोक लगेगी।” उन्होंने आगे कहा कि बेटियां हमारे समाज का गौरव हैं और उन्हें शिक्षित व सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है।

साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने भी सरकार की इस कल्याणकारी योजना की सराहना करते हुए माननीय मंत्री जी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उपरोक्त के अलावा अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, जिला कल्याण पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी व संबंधित अधिकारी एवं कर्मी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *