कोडरमा (शहर परिक्रमा)

राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पीवीएसएस डीएवी के छात्रों ने विद्यालय का नाम किया गौरवान्वित

कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 2 से 4 जुलाई 2026 तक होटल अमृत पैलेस, लोहरदगा में आयोजित 26वीं सब-जूनियर एवं जूनियर क्योरुगी तथा 15वीं पूमसे राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप–2026 (स्वर्गीय हरि किशन महतो मेमोरियल ट्रॉफी) में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत एवं दो कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया।

लोहरदगा जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राज्यभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच पीवीएसएस डीएवी के खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास, उत्कृष्ट तकनीक और अदम्य जुझारूपन का परिचय देते हुए शानदार सफलता अर्जित की।
प्रतियोगिता में आयुषी कश्यप ने पूमसे स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। सान्वी सिंह ने 35 किलोग्राम से कम भार वर्ग की फ्रेशर क्योरुगी स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
आराध्या मेहता ने 38 किलोग्राम से कम भार वर्ग में पूमसे एवं फ्रेशर क्योरुगी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। वहीं आरोही कुमारी ने 32 किलोग्राम से कम भार वर्ग की क्योरुगी प्रतियोगिता में उपविजेता बनकर रजत पदक हासिल किया।
नूपुर बरनवाल ने 35 किलोग्राम से कम भार वर्ग में संघर्षपूर्ण मुकाबलों के बाद कांस्य पदक जीता, जबकि प्रिंस कुमार ने 54 किलोग्राम से कम भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
       इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विजेता खिलाड़ियों, उनके      अभिभावकों एवं ताइक्वांडो प्रशिक्षक अशोक कुमार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की अथक मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर देश का नाम रोशन करेंगे।
        प्राचार्य ने विशेष रूप से ताइक्वांडो प्रशिक्षक अशोक कुमार की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता के पीछे उनका समर्पण, निरंतर मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रमुख आधार रहा है।
       विद्यालय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में हर्ष का वातावरण है। विजेता खिलाड़ियों का विद्यालय पहुँचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *