भारत विकास परिषद स्थापना दिवस पर एनीमिया जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित
“स्वस्थ, समर्थ, संस्कारी भारत” के संकल्प को किया गया साकार
देवघर: भारत विकास परिषद, देवघर शाखा द्वारा स्थापना दिवस (10जुलाई) के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को सेंट मेरी गर्ल्स हाई स्कूल, देवघर में लगभग 300 छात्राओं के लिए एनीमिया जागरूकता, एनीमिक छात्राओं का हीमोग्लोबिन जांच एवं स्वास्थ्य संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय था—”स्वस्थ, समर्थ, संस्कारी भारत”।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर तथा सामूहिक वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। तत्पश्चात अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष ने मिलकर आमंत्रित अतिथि चिकित्सक डॉ. के.पल्लवी एवं डॉ. स्वाति प्रिया तथा स्कूल के प्राचार्य क्रिस्टीना को परिषद का अंग वस्त्र, मोमेंटो तथा स्वामी विवेकानंद जी का चित्र भेंट स्वरूप प्रदान किया।

मुख्य वक्ता के रूप में देवघर की प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. के. पल्लवी तथा एम्स देवघर की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. स्वाति प्रिया ने छात्राओं को एनीमिया के कारण, लक्षण, दुष्परिणाम बचाव के उपाय एवं मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में विस्तार से बताया और उनसे सवाल भी पूछे जिसका बच्चियों ने बड़े ही तत्परता से उत्तर दिया ।
उन्होंने संतुलित एवं आयरन युक्त आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा समय पर उपचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक स्वस्थ बालिका ही भविष्य में समर्थ नारी बनती है और समर्थ नारी ही स्वस्थ, सशक्त एवं संस्कारी भारत के निर्माण की आधारशिला होती है।
भारत विकास परिषद, देवघर शाखा की अध्यक्ष कंचन मूर्ति ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “स्वस्थ, समर्थ और संस्कारीत”—ये तीनों शब्द एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वस्थ शरीर से सामर्थ्य का निर्माण होता है और सामर्थ्य को सही दिशा संस्कार प्रदान करते हैं।
यदि हमारी बेटियाँ स्वस्थ, शिक्षित, आत्मनिर्भर और संस्कारवान होंगी, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे राष्ट्र को नई दिशा देंगी।
इस दौरान सभी छात्राओ के बीच एक महीने की आयरन टेबलेट्स तथा सेनेटरी नैपकिन व चॉकलेट का वितरण किया गया। जिला स्वास्थ्य उपाधीक्षक डॉ सुषमा वर्मा के सौजन्य से सदर अस्पताल से आए अटेंडेंट के द्वारा बच्चों की हीमोग्लोबिन जांच की गई ।
कार्यक्रम में अध्यक्ष के अलावे कोषाध्यक्ष डॉ राजेश राज, सेवा प्रभारी संजय बंका, पूर्व पदाधिकारी रंजीत बरनवाल, एस.पी बिलास भुइया, महिला सहभागिता प्रभारी कंचन शेखर, सदस्य प्रोफेसर परिमल सिंह आशा कुमारी, लाजवंती गुप्ता आदि उपस्थित थी ।
कार्यक्रम के सफल संयोजन के लिए वर्तमान अध्यक्ष कंचन मूर्ति ने पूर्व अध्यक्ष आलोक मल्लिक जी का तथा दवाई उपलब्ध कराने के लिए संरक्षक अरुण गुटगुटिया जी का आभार व्यक्त किया ।

